फतेहपुर जिले में निकाय चुनाव के मतदान की पूर्व संध्या पर शराब और सुबह शानदार लंच पैकेट बंटे। प्रत्याशियों ने देर रात दरवाजे खटखटा शराब बांटी। वोट डालने से पहले पेठा खिलाकर बूथ के अंदर भेजा। शहर के कई बूथों पर मतदाताओं की मेहमान नवाजी हुई। बुधवार की रात 10 बजे के बाद प्रत्याशियों ने घरों में जाकर दरवाजे खटखटाकर शराब की बोतलें उपलब्ध कराईं।
यह स्थिति लगभग हर वार्ड में देखी गई। मतदान के दिन केंद्र से कुछ फासले पर लगे प्रत्याशियों के बस्तों में ठंडे पानी के कैन और पेठा समेत अन्य मिठाई के डिब्बे खुले रहे। बस्ते में सबसे पहले पेठा खिलाकर ठंडा पानी पिलाकर बूथ भेजने का सिलसिला चला। लौटे वक्त मतदाता को शानदार लंच पैकेट दिया गया। इस पर प्रशासन और प्रेक्षक की नजर नहीं पड़ सकी।