फतेहपुर जिले में निकाह के लिए एक हिंदू युवती को गांव के ही युवक ने साथियों की मदद से अगवा कर लिया। पुलिस ने युवती को ढूंढ लिया और तीनों युवकों को जेल भेजा है। पुलिस ने मामले में सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। जांच में सामने आया है कि युवती का धर्म परिवर्तन के बाद निकाह की तैयारी थी।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 20 वर्षीय हिंदू युवती को पड़ोसी खुुर्शीद साथियों संग अक्सर परेशान करता था। युवती के पिता ने एफआईआर में बताया कि बेटी की आपबीती सुनने के बाद खुर्शीद और उसके साथियों का विरोध किया। इस पर खुर्शीद ने परिवार और साथियों संग घर में घुसकर गाली गलौज की। उसने थाने में शिकायत की। पुलिस से शिकायत की खुन्नस में खुर्शीद पक्ष ने दोबारा गाली गलौज और जान से मारने की धमकी दी। वे परिवार के काम से 18 मई को बाहर गए थे।
इस दौरान खुर्शीद साथियों के साथ घर में घुसकर बेटी को निकाह की नीयत से अगवा कर ले गया। उसने पुलिस से पूरे मामले का जिक्र करते हुए शिकायत की। पुलिस तेजी से मामले की छानबीन में जुटी। पुलिस ने रविवार को लखनऊ बाईपास चौराहे से युवती को खोज लिया। युवती के पिता की तहरीर पर खुर्शीद अहमद और उसके पिता इकबाल अहम, मां खैरून निशा समेत सात के खिलाफ साजिश के तहत अपहरण, छेड़खानी, घर में घुसकर जान से मारने की धमकी, गाली-गलौज की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। विवेचक सुमितदेव पांडेय ने बताया कि आरोपी ने युवती का अपहरण निकाह के मकसद किया है। निकाह से पहले धर्म परिवर्तन कराया जाता है। विवेचना दौरान धर्मपरिवर्तन के प्रयास की धाराएं बढ़ाई जाएंगी। मुख्य आरोपी खुर्शीद, पिता और मां को गिरफ्तार किया गया है।