प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर महाकुंभ त्रिवेणी स्नान कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। दुर्घटना में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। कानपुर जिले के फूलबाग व यशोदा नगर निवासी कपिल बाजपेयी पत्नी पूजा देवी, पुत्र आदित्य व गौरव त्रिपाठी, अंकिता त्रिपाठी व डेढ़ वर्षीय पुत्र केशव शनिवार को महाकुंभ प्रयागराज त्रिवेणी स्नान करने गए थे। रविवार को रात दो बजे संगम स्नान करके कार सवार घर लौट रहे थे। कोतवाली क्षेत्र के मझिलगांव चौकी के पुरइन मोड़ पर सड़क किनारे खड़े ट्रक में कार पीछे से टकरा गई। तेज आवाज के साथ तीर्थयात्रियों की चीख सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंची मझिलगांव चौकी पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को आनन-फानन हाईवे एम्बुलेंस से सीएचसी खागा भिजवाया। चौकी इंचार्ज विकास सिंह ने बताया कि दुर्घटना में कार सीट पर फंसे चालक कपिल बाजपेयी की मौके पर ही मौत हो गई। सीएचसी में घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।