मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश बाठक ने कहा कि मोदी जी की जीत में एक कमल फतेहपुर का भी होना चाहिए। मोदी सरकार ने 9 साल के कार्यकाल में 100 से अधिक गरीब कल्याणकारी योजनाओं को चलाया है।
कार्यकर्ता घर-घर जाएं। सरकार की उपलब्धियां गिनाएं और घर-घर कमल खिलाकर नरेंद्र मोदी को 2024 में प्रधानमंत्री बनाएं। ये बातें डिप्टी सीएम ब्रजेश बाठक ने मोर्चा सम्मेलन संयुक्त-7 में कार्यकर्ताओं से प्रेक्षागृह में बुधवार को कहीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को केंद्र में भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि मोदी जी की जीत में एक कमल फतेहपुर का भी होना चाहिए। डिप्टी सीएम ने कहा कि मोदी सरकार ने 9 साल के कार्यकाल में 100 से अधिक गरीब कल्याणकारी योजनाओं को चलाया है। बुंदेलखंड में सपा सरकार में ट्रेन से पानी की सप्लाई होती थी। जल जीवन मिशन के तहत गांव गांव पानी की टंकी बन रही है। 5 करोड़ घरों में टोंटी से जल पहुंचेगा। परिषदीय स्कूलों का कायाकल्प हो रहा है। 1 करोड़ 92 लाख से ज्यादा बच्चें परिषदीय स्कूलों में पढ़ रहे हैं। भाजपा सरकार में अयोध्या में राम मंदिर बन रहा है। जनवरी से मंदिर में रामलला के दर्शन होंगे। प्रदेश में कानून का राज स्थापित है। गुंडे, माफिया जेल में हैं या प्रदेश छोड़कर भाग गए हैं। विपक्षी दलों पर प्रहार करते हुए डिप्टी सीएम पाठक ने कहा कि जनता अब सपा व कांग्रेस को जान चुकी है।
ये मिलकर चुनाव लड़ें या अकेले, कुछ होने वाला नहीं है। कांग्रेस प्रदेश में शून्य हो जाएगी। सपा को भी जनता नकार चुकी है। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा 75 से ज्यादा सीटें जीतने जा रही है। उन्होंने पिछली सरकार पर वार किए। कहा कि फतेहपुर में यूरिया और डीएपी खाद के लिए किसानों के लाठी खाने की खबरों से समाचार पत्र पटे रहते थे। भाजपा सरकार आने के बाद सभी को खाद उपलब्ध है। किसानों को 6 हजार प्रतिवर्ष किसान सम्मान निधि मिल रही है। किसानों को अब साहूकारों से बीज खाद के लिए ब्याज में रुपए नहीं लेने पड़ रहे हैं। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष आशीष मिश्र, अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता, बिंदकी विधायक जयकुमार जैकी, बांदा विधायक प्रकाश द्विवेदी, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना उपाध्याय, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष रीता शास्त्री सहित जनपद के 7 मोर्चों के जिलाध्यक्ष, पदाधिकारी व सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्राइवेट एंबुलेंस के जवाब को गए टाल
डिप्टी सीएम ने जिला अस्पताल के पास खड़ी प्राइवेट एम्बुलेंस के सवाल को टाल गए। कुर्सी से उठते हुए बोले कि हां-हां देखेंगे। मालूम हो कि उन्होंने 3 अप्रैल 2023 को जिला अस्पताल का दौरा किया था। अस्पताल के पास प्राइवेट एम्बुलेंस खड़ी होने पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन को अंकुश लगाने का निर्देश दिया था। लेकिन एम्बुलेंस पहले की तरह ही अस्पताल के पास बड़ी संख्या में खड़ी रहती हैं।
जमीन पर कब्जे की शिकायत
थरियांव थाना क्षेत्र के जैतपुर ओनहा गांव निवासी बिटोला देवी ने डिप्टी सीएम को शिकायती पत्र में बताया कि परिवार के ही लोग मेरी हथगाम अम्बापुर मार्ग स्थित बेशकीमती जमीन पर अवैध कब्जा कर रहे हैं। हसवा विकास खण्ड के रामपुर थरियांव ग्राम पंचायत के निवासी मनोज, बीरेंद्र, राजबहादुर ने डिप्टी सीएम को शिकायत पत्र में बताया कि वर्तमान प्रधान पति द्वारा पीएम आवास योजना में गरीबों से धन की उगाही की जा रही है। हैंडपंप रीबोर और्ा मनरेगा में भी सरकारी धन का बंदरबांट किया जा रहा है। कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई है। लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है।
गठबंधन फेल ही साबित होंगे
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और आप के अरविंद केजरीवाल की मुलाकात पर डिप्टी सीएम ने गठबंधन को फेल बताया। उन्होंने कहा कि समाजवादी कुछ भी प्रयत्न कर ले, गठबंधन फेल ही साबित होंगे। डिप्टी सीएम पाठक ने कहा कि सपा ने कांग्रेस, फिर बसपा के साथ गठबंधन किया। वर्ष 2022 के चुनाव में छोटे दलों के साथ गठबंधन भाजपा से परास्त हो चुका है। 37 वर्ष बाद जनता के आशीर्वाद से भाजपा ने दोबारा सरकार बनाई। वर्ष 2024 के चुनाव में भी भाजपा प्रचंड बहुमत से जीतेगी। उत्तर प्रदेश की 80 सीटों में 75 से ज्यादा भाजपा जनता का आशीर्वाद लेकर जीतेगी। सपा में अराजकता, गुंडागर्दी और व्यापारियों को डराने धमकाने का माहौल रहता था। राजभर से गठबंधन को लेकर भविष्य की बातें बताकर टाल गए।