कानपुर से प्रयागराज जा रही सिद्धार्थनगर जिले में तैनात सहायक श्रमायुक्त सोमवार को सड़क हादसे में घायल हो गईं। आनन-फानन उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें कानपुर रेफर कर दिया है। उनके सिर में चोट आई है।
कानपुर बर्रा थाने के खाड़ेपुर निवासी सुमन सिंह पत्नी जयंत प्रकाश सिद्धार्थनगर में तैनात हैं। कार चालक महेंद्र निवासी प्रसाद ठाकुर चौराहा खाड़ेपुर बर्रा के साथ प्रयागराज जा रही थीं। करीब 11 बजे मलवां थाना क्षेत्र के अल्लीपुर हाईवे पर सामने से आई कार से भिड़ंत हो गई। हादसे की सूचना पर थानाध्यक्ष आलोक पांडेय मौके पर पहुंचे।
थानाध्यक्ष ने कार में फंसी सहायक श्रमायुक्त और उनके चालक को जिला अस्पताल पहुंचाया। थानाध्यक्ष ने बताया कि सिर में चोट लगने से सहायक श्रम आयुक्त और चालक घायल हुए हैं। जिला अस्पताल से कानपुर बेहतर इलाज को चले गए हैं। डॉक्टर ने हालत खतरे से बाहर बताई है।