फर्रुखाबाद में सभासद प्रत्याशी को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश मारी, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पुलमंडी निवासी प्रमोद कुमार वार्ड नंबर 19 से सभासद पद का प्रत्याशी है। इसी वार्ड से चंदन सागर भी सभासद का चुनाव लड़ रहे हैं। चंदन के पिता राजेंद्र सागर ने आठ मई को प्रमोद कुमार से गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी।
उन्होंने कहा कि चुनाव में पुत्र के पक्ष में बैठ जाओ नहीं तो परिणाम खराब होगा। पुलिस ने प्रमोद की तहरीर पर राजेंद्र सागर के खिलाफ गाली-गलौज व धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया। प्रमोद ने आरोप लगाया कि राजेंद्र के खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने राजेंद्र की तलाश में दबिश मारी, लेकिन वह घर पर नहीं मिले। कोतवाल सचिन कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।