फर्रुखाबाद में प्लाट के रुपये के लेनदेन के विवाद में युवक से मारपीट कर जान माल की धमकी देने के मामले में पुलिस ने सपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष, उनकी पत्नी व पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। सपा नेता की पत्नी ने युवक पर गंभीर आरोप लगाकर एसपी को शिकायती प्रार्थनापत्र दिया।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के बंधौआ निवासी राहुल परमार ने लोको कालोनी निवासी सपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र यादव उर्फ जग्गू, पत्नी प्रीती यादव व पुत्र के खिलाफ रविवार देर रात मुकदमा दर्ज कराया। इसमें आरोप लगाया कि भाई रोहित परमार ने सपा नेता की पत्नी प्रीती यादव से प्लाट का बैनामा कराया था। इसका पूरा भुगतान भी कर दिया है।
इसके बाद भी सपा नेता बार-बार रुपये के हिसाब-किताब को लेकर दबाव बना रहे थे। इस पर भाई रोहित रविवार शाम हिसाब का पर्चा बनाकर सपा नेता के घर गए। सपा नेता, उनकी पत्नी व पुत्र ने गालीगलौज कर रोहित के साथ मारपीट कर दी और जान से मारने की धमकी दी। इससे परेशान होकर रोहित जेएनवी रोड पर सुसाइड करने जा रहा था।
सूचना पर वे मौके पर गए और भाई को समझाकर घर ले आए। राहुल व उसके भाई ने सपा नेता से जान का खतरा होना बताया है। सपा नेता की पत्नी प्रीती यादव ने एसपी अशोक कुमार मीणा को सोमवार को प्रार्थनापत्र दिया। इसमें आरोप लगाया कि राहुल परमार उनके भट्ठे पर काम करता था। उसने काफी रुपये का गबन किया है। कुछ रुपये उसने उधार भी लिए थे। मांगने पर वह गालीगलौज कर रहा था। रविवार को वह पति के साथ शादी समारोह में थीं। राहुल व रोहित घर पर आए और पुत्र कुनाल व तन्मय से घर में घुसकर मारपीट कर दी। एसपी ने इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं।