मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव जनैया सठैया निवासी कमलेश कुमार राजपूत (35) घर से कुछ दूरी पर बाग में बुवाई के लिए पड़े आलू की रखवाली कर रहा था। सोमवार शाम गांव के ही कुछ दबंगों ने किसी बात को लेकर हमला बोल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। देर शाम एक महिला वहां से गुजरी, तो उसने कमलेश के घायल अवस्था में पड़ा देखा। इस पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो मृत होने पर चीख पुकार मच गई। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई है। गांव के ही एक पूर्व प्रधान पर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।