कायमगंज में रविवार देर रात बेरी तिराहे मोड़ पर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गांव लहरा रजाकुलीपुर निवासी 60 वर्षीय महेंद्र की मौत हो गई, जबकि उनका 10 वर्षीय नाती बॉबी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों गेस्ट हाउस में शादी समारोह से लौट रहे थे। मौके से गुजर रहे व्यक्ति की मदद से घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। वहां डॉक्टर ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर वाहन कब्जे में ले लिया है। चौकी प्रभारी सोमवीर सिंह ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।