सरवनखेड़ा। गजनेर थाना क्षेत्र के तिलौंची के पास रेलवे अंदर पास से निकलने के बाद किसान साइकिल से नोन नदी में जा गिरा। बाहर न निकल पाने से उसकी डूब कर मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकल पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गजनेर थाना क्षेत्र के तिलौंची निवासी सुघर कुशवाहा (48) खेती किसानी करके परिवार का भरण पोषण करता था। रविवार को दोपहर मोहाना में लगने वाली बाजार से सामान खरीदने के लिए साईकिल से निकले थे। वह बाजार के लिए मुख्य मार्ग से न जाकर रेलवे अंडर ग्राउंड पुल से जा रहे था। इसके बाद उसका शव शाम पांच बजे के करीब लोगों ने नदी में उतरता देखा। शव देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकाल परिवार को जानकारी दी। गांव के लोगों ने अंदेशा जताया कि साइकिल से फिसल कर सुघर नोन नदी में जा गिरे। बाहर न निकल पाने से पानी में डूबकर उनकी मौत हो गई। घटना स्थल पर पहुंची पत्नी बसंती, बेटो राघवेंद्र, हिमांशु बिलखते रहे। थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया की पानी में डूबने से मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम भेजा गया है।