इस दुखभरे संदेश को पढ़कर हर किसी की आंख में आ गये आंसू
- फोटो : अमर उजाला
गुरुवार को कानपुर के घाटमपुर भारतीय स्टेट बैंक, ब्रांच में लगा संदेश पढ़कर नोट बदलवाने पहुंचे हर किसी व्यक्ति की आंख भर आई। बैंक के बाहर लगा संदेश पढ़कर लोग जहां दुखी दिखायी दे रहे थे वहीं बैंक के अंदर शोक की लहर दौड़ रही थी। सड़क दुर्घटना में एसबीआई शाखा प्रबंधक रुपेंद्र सिंह समेत बैंककर्मी अजय तिवारी, राहुल, नवीन श्रीवास्तव, उत्तम कुमार, सोहन लाल शुक्ला, अशोक तिवारी व ड्राइवर भरत लाल की बुधवार रात मौत हो जाने के बाद बैंक के बाहर शोक संदेश लगाया गया है। नोट बदलने का काम एसबीआई घाटमपुर शाखा में सुबह 11 बजे से शुरू हुआ। शोक संदेश के पत्र में बैंक प्रशासन ने जनता से यह गुजारिश की है कि दुख की घड़ी में मृतक बैंककर्मियों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए शांति का माहौल बनाये रखा जाए। नोट बदलने की प्रक्रिया में कोई दिक्कत न हो इसके लिए सभी बैंककर्मी अपना काम कर रहे हैं।