पस्त हो गए विरोधियों के हौसले: प्रांशु
जो लोग कभी हेलीकॉप्टर से नीचे नहीं उतरते थे, वह अब घर-घर जाकर वोट मांगने के लिए मजबूर हैं। उपचुनाव में सर्व समाज का भाजपा को समर्थन देखकर विरोधियों के हौसले पस्त हो गए हैं। यह उपचुनाव भाजपा भारी मतों से जीत रही है। यह बात विधान परिषद सदस्य प्रांशु दत्त द्विवेदी ने पत्रकार वार्ता में कही। इस दौरान पूर्व राज्यमंत्री अर्चना पांडे, भाजपा नेता विवेक शाक्य, राधेश्याम शर्मा, अमित मिश्रा, श्रेयस मिश्रा आदि मौजूद रहे।
आज ताखा में अखिलेश और शिवपाल करेंगे जनसभा
सपा प्रत्याशी डिंपल यादव के समर्थन में बुधवार को अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव भरतिया कोठी पर जनसभा करेंगे। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ध्रुव यादव ने बताया कि सुबह 10 बजे से जनसभा होगी। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।
110 बुजुर्ग मतदाता घर पर डालेंगे वोट
उपचुनाव में जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के 80 वर्ष से अधिक उम्र वाले 110 मतदाताओं ने घर पर वोट डालने की सहमति दी है। यह जानकारी उपजिलाधिकारी जसवंतनगर ने ज्योत्सना बंधु ने दी। ऐसे लोगों के वोट बुधवार को डलवाए जाएंगे।