इटावा जिले के भरथना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चंद्रपुरा गांव के पास स्थित तालाब में हाथ-पैर धुलते समय युवक का पैर फिसलने से वह डूब गया। ग्रामीणों की तलाश के बाद भी युवक का कुछ पता नहीं चलने पर गोताखोर बुलाए गए। ताखा विकास खंड के मामन मौजा के अंतर्गत स्थित तालाब में बुधवार सुबह करीब 11 बजे पैर फिसलने से चंद्रपुरा गांव निवासी अभिषेक (18) पुत्र रामकिशोर डूब गया।
सूचना पर परिजन व पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे। युवक की तलाश शुरू की गई। दो बजे तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका था। मौके पर मौजूद अभिषेक की मां ममता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। अभिषेक के पिता रामकिशोर व भाई असित गुजरात में रहकर मजदूरी करते हैं।
पौध लगवाने आया था
गांव की ऊषा ने बताया कि तालाब के पड़ोस में स्थित गांव के ही राजू के खेत में पौध लगाने के बाद अभिषेक हाथ-पैर धोने तालाब की ओर चला गया था। इस दौरान अभिषेक तालाब में डूब गया।