कानपुर। अनवरगंज थानाक्षेत्र के इफ्तिखाराबाद में भूमिगत केबल से कटिया डालकर बिजली चोरी करने में चेकिंग पर पकड़े जाने पर युवक ने साथियों संग टीम से अभद्रता कर सरकारी कार्य में बाधा डाली। अवर अभियंता ने 13 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रवर्तन दल केसा प्रथम के अवर अभियंता राम प्रसाद पाल ने बताया कि 27 अगस्त को वह, सहायक अभियंता प्रवीण कुमार, टीजी दो योगेंद्र कुमार, प्रवर्तन दल प्रभारी निरीक्षक रामजीत सिंह अन्य टीम के सदस्यों के साथ सबस्टेशन चीना पार्क इफ्तिखाराबाद में बिजली चेकिंग रहे थे। इस्लामिक हायर सेकेंडरी स्कूल के पीछे केस्को की भूमिगत सर्विस केबल से एक सीधी केबल जोड़कर परिसर के अंदर ले जाकर बिजली चोरी की जा रही थी। जांच के दौरान जैद ने 10-12 लोगों के साथ मिलकर टीम के साथ अभद्रता की। अनवरगंज इंस्पेक्टर अशोक कुमार दुबे ने बताया कि जैद और 12 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। (संवाद)