कानपुर समेत आसपास के 12 जिलों में तीसरे चरण में 19 फरवरी को चुनाव होंगे। तीसरे चरण की 69 सीटों के लिए 19 को मतदान होने हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त नसीम जैदी ने तारीखों का ऐलान कर दिया है। कानपुर नगर, हरदोई, कन्नौज, इटावा, लखनऊ, कानपुर देहात, औरैया, फर्रुखाबाद, उन्नाव, मैनपुरी, बाराबंकी, सीतापुर में रविवार 19 फरवरी को वोटिंग की तिथि घोषित हुई है। इसके अलावा जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर में चौथे चरण में 23 फरवरी को चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग के अनुसार सभी मतदाताओं को फोटो वाली वोटर स्लिप दी जाएगी। साथ ही चुनाव आयोग इस बार वोटर गाइड का प्रयोग करेगा जिसके जरिए सभी को मतदान के दौरान क्या करना है क्या नहीं करना है बताया जाएगा। वोटिंग कंपार्टमेंट की ऊंचाई को बढ़ाया जाएगा। पोलिंग स्टेशन पर दिव्यांगों के लिए खास व्यवस्था होगी। चुनाव आयोग ने इस बार उन चैनल पर नजर रखने की तैयारी की है जिनमें राजनेताओं का मालिकाना हक है। चुनाव आयोग पेड न्यूज पर भी नजर रखेगा। आचार संहिता के मसलन, सार्वजनिक स्थल के दुरुपयोग, चुनाव प्रचार के लिए सरकारी वाहनों का इस्तेमाल नहीं किया जाना, राज्य सरकार की वेबसाइटों से राजनीतिक हस्तियों की तस्वीरें हटाना और सत्तारूढ़ पार्टी के विज्ञापन के लिए सरकारी धन के इस्तेमाल का ख्याल रखना आदि शुरू कर दिया गया है। आयोग ने राजनीतिक दलों को भी याद दिलाया है कि वे इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में जारी होने जा रहे राजनीतिक विज्ञापनों का प्री-सर्टिफिकेशन के लिए जिला एवं राज्य स्तर पर मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग कमेटी से संपर्क करें।