इटावा। बिजली निगम ने शहर में चेकिंग अभियान चलाया। मंगलवार को शहर में अलग-अलग स्थान पर आठ उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। इन सभी की एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसके साथ ही बकाया बिल न देने पर 91 उपभोक्ताओं से कनेक्शन काट दिए गए। एक्सईएन प्रथम हनुमान प्रसाद मिश्रा के निर्देशन में एसडीओ गगन अग्निहोत्री के नेतृत्व में लाइन पार क्षेत्र में अभियान चलाया। इनमें से ज्यादातर मीटर बाईपास करके बिजली की चोरी कर रहे थे जबकि एक उपभोक्ता अतिरिक्त केबल लगाकर बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। इन सभी पर बिजली थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई और कनेक्शन भी काट दिए गए। बिजली विभाग की तीन टीमों ने शहर में बकाएदारों के कनेक्शन काटने का अभियान चलाया। इस दौरान 91 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए, जिन्होंने बिल जमा नहीं किया था। बकाएदारों से बिल के कुल 6 लाख 84 हजार रुपए जमा कराए गए।