कानपुर। बिधनू के सपई गांव निवासी किसान ने न्यायालय के आदेश पर गांव के ही युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि युवक ने कूटरचित दस्तावेज से किसान की चार के बजाय आठ बीघा जमीन बिकवा दी। खरीदने वाले जब दो साल बाद पूरी जमीन पर कब्जा लेने पहुंचे तो उसे जानकारी हुई। सपई के किसान संतगिरी के अनुसार वर्ष 2023 में उन्होंने चार बीघा जमीन बेचने के लिए गांव के ही कपिल सेंगर से बात की थी। कपिल ने कठारा गांव निवासी लालता प्रसाद के साथ मिलकर जाजमऊ डिफेंस काॅलोनी निवासी अशरफ रिजवान से 25 लाख रुपये में सौदा करा दिया। कपिल, लालता प्रसाद, अशरफ रिजवान और बर्रा निवासी साथी सूर्य प्रकाश सिंह पांच अज्ञात साथियों के साथ घर आकर 15 लाख रुपये दिए थे। वर्ष 2025 में कूटरचित दस्तावेज से धोखाधड़ी कर आठ बीघा जमीन रजिस्ट्री कराने की जानकारी मिली। थाना प्रभारी तेजबहादुर सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। (संवाद)