पुखरायां। कानपुर-झांसी हाईवे पर हांसेमऊ व छतेनी के बीच दो डंपर आपस में टकरा गए। हादसे के एक डंपर सड़क किनारे पलट गया। वहीं दूसरा सड़क पर खड़ा रहा। चालकों के मौके से चले जाने पर कुछ देर यातायात प्रभावित रहा।
झांसी से कानपुर की ओर मौरंग लेकर जा रहे डंपर शुक्रवार की तड़के हांसेमऊ व छतेनी के पास सामने से आए वाहन को पास देने में टकरा गया। इससे एक डंपर बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गया। जबकि दूसरा सड़क पर क्षतिग्रस्त होकर खड़ा हो गया। हाईवे पर क्षतिग्रस्त डंपर के खड़ा होने से कानपुर की ओर जाने के लिए यातायात प्रभावित हो गया। इधर दोनों डंपर के चालक रामगोपाल व अनवार मौके से चले गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि चालकों को चोट नहीं आई थी। इधर जानकारी होने पर काफी देर बाद पहुंची हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने डंपर को हाईवे से हटाकर यातायात सामान्य किया।