कानपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की वार्षिक आमसभा रविवार देर शाम आईएमए सभागार में हुई। इसमें अमित सिंह गौर को अध्यक्ष और दीपक श्रीवास्तव को सचिव चुना गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। नए अध्यक्ष ने क्लीनिक व अस्पतालों के पंजीकरण के लिए हेल्प डेस्क शुरू करने की घोषणा की। कहा कि पीएम-जय योजना में अस्पतालों को पैनल में शामिल होने में मदद मिलेगी। जोनल स्तर पर पुलिस व प्रशासन से समन्वय तथा रैपिड रिस्पांस टीम भी गठित की जाएगी। फर्जी डॉक्टरों पर कार्रवाई और मेडिको-लीगल सेल को मजबूत करने पर भी जोर दिया। पूर्व अध्यक्ष अनुराग मेहरोत्रा ने चिकित्सा शिविर, सीएमई, साइबर अपराध जागरूकता, रक्तदान, स्वास्थ्य रैलियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों जैसी उपलब्धियां गिनाईं। आमसभा में वार्षिक रिपोर्ट और लेखा-जोखा भी सर्वसम्मति से मंजूर हुआ।(ब्यूरो)