कानपुर। सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में गुर्दा रोगियों के लिए सात बेड पर डायलिसिस की व्यवस्था कर दी गई है। अभी तक यहां दो बेड पर रोगियों की डायलिसिस की जा रही थी। साथ ही किडनी ट्रांसप्लांट यूनिट के संबंध में निरीक्षण के लिए शासन में जांच कमेटी गठित हो गई है। कमेटी के निरीक्षण के बाद केटीयू का लाइसेंस मिलेगा। हॉस्पिटल के नोडल अधिकारी और न्यूरो साइंसेस प्रमुख डॉ. मनीष सिंह ने बताया कि गुर्दा रोगियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए डायलिसिस के लिए बेड बढ़ाए गए हैं। छह मशीनें तो डायलिसिस यूनिट में लगी हुई हैं और एक मशीन आईसीयू में लगी हुई है। आईसीयू में मशीन होने से गंभीर रोगी को डायलिसिस के लिए यूनिट में शिफ्ट नहीं करना पड़ेगा। साथ ही चार बेड की किडनी ट्रांसप्लांट यूनिट भी तैयार कर ली गई है। उन्होंने बताया कि शासन की टीम के निरीक्षण के बाद ट्रांसप्लांट के लिए लाइसेंस मिल जाएगा। इसके बाद ट्रांसप्लांट शुरू हो जाएगा। सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के नेफ्रोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. युवराज गुलाटी ने बताया कि गुर्दा रोगियों की संख्या बढ़ रही है। बहुत से रोगी ऐसे होते हैं जिनका उपचार ही प्रत्यारोपण होता है। ब्यूरो