रात में हुई बारिश से सड़क व दो पुलिया बह गई। ग्रामीण सोशल मीडिया में बही सड़क और पुलिया की फोटो अपलोड कर भ्रष्टाचार की खिल्ली उड़ाते रहे। सड़क बहने से छह गांवों का संपर्क टूट गया। कुलपहाड़ संवाद के अनुसार मौसम की पहली बारिश ने नगर पंचायत की पोल खोल दी। झमाझम बारिश से राजपूत कॉलोनी, गोविंदनगर, मुख्य बाजार, गल्ला मंडी, टौरियापुरा, नजरबाग, पुरानी तहसील, गायत्री मंदिर के पास समेत सभी वार्डों में चार से पांच फीट ऊंचा पानी भर गया।
अधिशासी अधिशासी अधिकारी निर्दोष कुमार व नगर पंचायत अध्यक्ष वैभव अरजरिया कर्मचारियों के साथ जेसीबी मशीन से पानी की निकासी के लिए मशक्कत करते रहे। राजपूत कॉलोनी में पीयूष मिश्रा, चंद्रप्रकाश सोनी, सुकेश सोनी, ताहिर सिंह समेत दर्जनों लोगों के घरों में पानी घुसने से गृहस्थी बर्बाद हो गई।
मुख्य बाजार में संजय अग्रवाल, मोहन, देवेंद्र गुप्ता, बाबू गुप्ता, धीरेंद्र नामदेव, धर्मेंद्र सोनी, मुन्ना, लाक्षाकार, सलीम, रामसेवक अग्रवाल, रामनारायण सोनी, बल्ली साहू, संजय, आदि की दुकानों में पानी भरने से लाखों का नुकसान हुआ। तहसील कुलपहाड़ के लाड़पुर गांव में जलभराव से आक्रोशित ग्रामीणों ने सुबह करीब नौ बजे हाईवे पर जाम लगा दिया। जिससे दोनों ओर दर्जनों वाहन फंस गए। सूचना पर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच जाम खुलवाया। एक घंटे बाद आवागमन बहाल हो सका। बेलाताल संवाद के अनुसार झमाझम बारिश से ड्योढ़ीपुरा, पठानपुरा, स्टेशन रोड, बाईपास, इमलीपुरा आदि मोहल्लों में बारिश का पानी घरों व दुकानों में घुसने से पूरे दिन लोग पानी निकालने में जुटे रहे।
झमाझम बारिश से कई कच्चे मकान गिरे
जिले में हुई झमाझम बारिश ने गरीबों के सामने मुसीबत खड़ी कर दी है। बस स्टैंड कुलपहाड़ निवासी बशीर निजामी का कच्चा मकान धराशायी हो गया। मकान में लगी आटा चक्की व स्पेलर भी मलबे में दब गए। इसी मोहल्ले के निवासी मातादीन के दो कच्चे मकान ध्वस्त हो गए। इसी तरह चरखारी क्षेत्र में बम्हौरी बेलदारन गांव निवासी मुन्ना समेत कई लोगों के मकान बारिश की भेंट चढ़ गए। पीड़ितों ने राजस्व विभाग को मामले की सूचना दी है।
12 घंटे में 172 एमएम बारिश
बुधवार रात से गुरुवार सुबह तक जिले में 12 घंटे में 172 एमएम बारिश दर्ज की गई। शहर में सुबह करीब डेढ़ बजे शुरू हुई झमाझम बारिश छह बजे तक होती रही। इसके बाद बूंदाबांदी का दौर चला। कुलपहाड़, श्रीनगर आदि स्थानों पर भी भारी बारिश हुई। सिंचाई विभाग के मुताबिक अर्जुन बांध क्षेत्र में 120, चंद्रवल बांध क्षेत्र में 28, कबरई बांध क्षेत्र में 30, मझगवां बांध क्षेत्र में 15, उर्मिल बांध क्षेत्र में 45, लहचूरा बांध क्षेत्र में 35, क्योलारी में छह एमएम बारिश दर्ज की गई।
बारिश से क्षतिग्रस्त हुए 42 मकान, प्रशासन ने पहुंचाई राहत
भारी बारिश व जलभराव से तहसील चरखारी के बम्हौरी बेलदारन गांव में 42 मकान क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन ने राहत कार्य तेज कर दिया है। अधिकारियों ने प्रभावित लोगों के लिए पंचायत भवन में ठहरने और खाने की व्यवस्था की है। जिले में छह घंटे की मूसलाधार बारिश से कई स्थानों पर कच्चे मकान गिरे। बारिश व जलभराव से सबसे ज्यादा नुकसान बम्हौरी बेलदारन में हुआ।
यहां कुछ मकान पूरी तरह जमींदोज हो गए जबकि कुछ मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए। गांव में 42 कच्चे मकान क्षतिग्रस्त होने की सूचना गुरुवार की शाम डीएम मनोज कुमार, सीडीओ चित्रसेन सिंह, एडीएम नमामि गंगे जुबेर बेग, सीएमओ डॉ. डीके गर्ग व एसडीएम स्वेता पांडेय मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कराते हुए प्रभावित लोगों के लिए खानपान की व्यवस्था कराते हुए पंचायत भवन में ठहरने का इंतजाम किया। देर रात तक जिला प्रशासन की पूरी टीम गांव में मौजूद रही।