डिप्टी सीएमओ डॉ. ओपी गौतम स्वाइन फ्लू की चपेट में आ गए हैं। केजीएमयू लखनऊ के माइक्रोबायोलॉजी विभाग से उनकी रिपोर्ट एच1एन1 पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट आने के बाद डिप्टी सीएमओ के परिजनों का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है। सीएमओ डॉ. आलोक रंजन ने इसकी पुष्टि की है।
बताया कि उन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है। बता दें केंद्र से आई पांच सदस्यीय टीम के साथ डिप्टी सीएमओ डॉ. गौतम भी जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल के निरीक्षण के दौरान शामिल रहे हैं। डिप्टी सीएमओ डॉ. गौतम का सैंपल तीन दिन पहले जांच के लिए केजीएमयू लखनऊ भेजा गया था।
उन्हें जुकाम, बुखार के लक्षण उभर आए थे। इस पर जिला सर्वेलांस अधिकारी एसीएमओ डॉ. सुबोध प्रकाश ने उनकी सैंपलिंग कराई थी। गुरुवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सीएमओ डॉ. रंजन ने बताया कि डॉ. गौतम को टैमी फ्लू शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही वैक्सीन भी दे दी गई है। बता दें सीजन में अभी तक 10 लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। इनमें एक मौत भी हो चुकी है।