समीक्षा बैठक के बाद उन्होंने आईटीआई रोड स्थित अयाहशाह विधायक विकास गुप्त के आवास पर जलपान किया और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों से भेंट की। राष्ट्रीय शोक के कारण हसनापुर सानी में होने वाली चौपाल और योजनाओं के शिलन्यास का कार्यक्रम रद्द हो गया।
डिप्टी सीएम के साथ कार्यक्रमों में खागा विधायक कृष्णा पासवान, अयाहशाह विधायक विकास गुप्त, बिंदकी विधायक जय कुमार जैकी, जहानाबाद विधायक राजेंद्र पटेल आदिं प्रमुख रूप से मौजूद रहे। उन्होंने 51 खेल मैदान और चिल्ड्रेन पार्क का लोकार्पण किया। इसी क्रम में उन्होंने सम्राट अशोक तिराहा, वीआईपी रोड मंडप गेस्ट हाउस के सामने चक्रवती सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य की मूर्ति का अनावरण भी किया।
डिप्टी सीएम ने की विकास कार्यों की समीक्षा
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की अध्यक्षता में रविवार को विकास भवन सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में व्यापारी भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता के साथ सुना और उन्हें समय से निस्तारित किया जाए। मलवा के औद्योगिक क्षेत्र में 200 खाली पड़े प्लॉट हैं, जिसमें 40 औद्योगिक इकाईयां संचालित है। डिप्टी सीएम ने शेष प्लॉटों को इच्छुक उद्यमियों को नियमानुसार आवंटित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि एक महीन के अंदर गौशालाओं में अन्ना मवेशियों को रखा जाए। इसके लिए हर संभव कदम उठाए जाएं। अभिलेख में दर्ज गौचर भूमि को चिन्हित कर उसे खाली कराया जाए। नोन नदी का जहां से उद्गम है, उसे पुनर्जीवित किया जाए, ताकि जलस्तर बढ़ सके।
सूखे को देखते हुए किसानों को भरपूर बिजली आपूर्ति की व्यवस्था करें। जिन संविदा कर्मियों की शिकायत है, उन्हें हटाकर दूसरे उपकेंद्र भेजा जाए। बताया गया कि शासन ने 934 करोड़ की लागत से 151 नलकूप फीडर बनाए जाने की स्वीकृति दी है। मनरेगा व जनसहयोग से 66 किमी लंबाई की सूखी व समतल ससुर खदेरी नदी का पुनरुद्धार एक महीने के अंदर कराए जाने की प्रशंसा की।