कानपुर। ठंड शुरू होते ही रविवार को गोशालाओं में व्यवस्थाओं की पड़ताल करने निकले जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह को बिठूर के कान्हा गाेशाला व पशु आश्रय केंद्र में कई अनियमितताएं मिलीं। ईओ बिठूर दिव्या गुप्ता बिना पूर्व अनुमति के अनुपस्थित मिलीं। डीएम ने ईओ और वरिष्ठ सहायक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई का आदेश जारी किया। पशुओं को ठंड से बचाने के लिए जो तिरपाल लगाया गया था, वह कई स्थानों पर फटा पाया गया। हरा चारा उपलब्ध नहीं था। गंदगी पसरी थी। कमियों के बारे में पूछे जाने पर वरिष्ठ सहायक मारुति मिश्रा कोई भी संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। एसडीएम सदर से कहा कि नियमित इन गोशालाओं का निरीक्षण कर व्यवस्था ठीक कराएं। इस माैके पर एसडीएम अनुभव सिंह, तहसीलदार विनय द्विवेदी उपस्थित रहे। ब्यूरो