शिवली। अकबरपुर के माती रोड स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान महिला व नवजात शिशु की मौत हो गई। नायब तहसीलदार समेत क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंच जांच पड़ताल की। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शिवली कोतवाली के ग्राम बेहटा निवासी सुभाष पुत्र श्री प्रकाश ने सूचना पुलिस को देते हुए बताया कि पत्नी अंशिका उर्फ सुभीता की शादी अप्रैल 2023 में हुई थी। वह गर्भवती थी, मंगलवार को प्रसव पीड़ा होने पर वह पत्नी को लेकर अकबरपुर के एक निजी अस्पताल में पहुंचा। यहां पर डॉक्टर ने ऑपरेशन किया। उसी दौरान महिला व नवजात शिशु की मौत हो गई। इसके बाद पति शव लेकर अस्पताल से गांव आ गया। यहां आने के बाद उसने पोस्टमार्टम कराने की बात कह पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों को जानकारी दी। इस पर नायब तहसीलदार अनिल चौधरी, लेखपाल धर्मेंद्र कुमार समेत मैथा चौकी प्रभारी जितेंद्र तिवारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। शिवली कोतवाल संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि अकबरपुर के एक अस्पताल में प्रसव के दौरान जच्चा बच्चा की मौत हुई है। पति की सूचना पर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।