रसूलाबाद। थाना क्षेत्र के बनपुरवा हीकेपुर के बाहर जामुन के पेड़ पर युवक का शव फंदे पर लटकता मिला। मौके पर पहुंचे परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया है।
बनपुरवा हीकेपुर निवासी अभिषेक (18) पुत्र रामप्रकाश चार भाइयों में सबसे छोटा था। वह खेती करने में पिता का सहयोग करता था। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने उसका शव गांव से 500 मीटर दूर रामलखन के खेत में जामुन के पेड़ पर दुपट्टे के फंदे से लटकता देखा। अनहोनी की जानकारी पर मां भाग्यवती, भाई विजय, पंकज, जितेंद्र परिजन के साथ रोते- बिलखते हुए घटना स्थल पर पहुंचे। पिता रामप्रकाश ने बताया कि बेटा बुधवार दोपहर तीन बजे खाना खाने के बाद घर से निकल गया था।
देर शाम तक वापस न लाैटने पर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। मगर उसका पता नहीं चला। सुबह बेटे का शव फंदे पर लटकता मिला। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी अनिल कुमार, एसएसआई देवनारायण द्विवेदी ने घटना स्थल की जांच के बाद फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। परिजनों से घटना को लेकर पूछताछ की। मगर परिवार के लोग अभिषेक द्वारा ऐसा कदम किस बात पर उठाया गया, इसकी सही जानकारी नहीं दे सके। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के आधार पर मामले की कार्रवाई की जाएगी।