घाटमपुर। कोतवाली क्षेत्र के मोहनपुर गांव में शनिवार की शाम किशोरी का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना के समय किशोरी घर में अकेली थी, परिवार के लोग कहीं गए थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव निवासी देव नारायण खेती बाड़ी के साथ घर में परचून की दुकान चलाते हैं। उनके दो बेटे व तीन बेटियां थी। दो बेटियां की शादी हो चुकी है। शनिवार दोपहर बाद पूरा परिवार किसी काम से घर से बाहर था। घर पर सबसे छोटी बेटी कोमल (17) अकेले थी। शाम को परिजन घर लौटे तो उसका शव फंदे पर लटका मिला। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि पूछताछ में परिजन आत्महत्या का कारण नहीं बता सके हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)