कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र के मैनावती मार्ग पर स्थित एक गेस्ट हाउस के बाहर कार के बोनट पर शराब के गिलास रखने का विरोध करने पर दबंगों ने एक युवक को जमकर पीटा। फिर शराब की बोतल तोड़कर उसके सीने में घुसा दी। उसके बाद भी दबंग भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सात दिन बाद छह नामजद व चार अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
नौबस्ता के यशोदानगर निवासी वंदना गुप्ता के मुताबिक वह 24 नवंबर को एक शादी समारोह में शिरकत करने मैनावती मार्ग स्थित द मिलेनियम गेस्ट हाउस गई थीं। उनके साथ उनका बेटा शशांक भी था। वंदना ने बताया कि देर रात जब वह वापस घर जाने के लिए गेस्ट हाउस से बाहर निकली तो देखा कि उनकी कार की बोनट पर शराब भरे गिलास रखे हैं।
वहीं आठ-दस लोग वहां खड़े हैं। जब उनसे गिलास हटाने को बोला गया तो वह उनसे भिड़ गए। उन्होंने शशांक को पीटा और सीने में दाहिने तरफ शराब की बोतल से वार कर जख्मी कर दिया। वहीं वंदना की चेन लूट ली। एसओ विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले में छह लोगों की शिनाख्त की गई है।
इसमें सौरभ सिंह, अमर सिंह, हर्ष प्रताप, अमित करिया, मोहित, आकाश समेत उनके तीन चार अन्य साथी शामिल हैं। आरोपियों पर बलवा, लूट, मारपीट,समेत अन्य संगीन धाराओं में रिपोर्ट लिखी गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।