आशू की फाइल फोटो, डॉग स्क्वायड जांच के दौरान चारपाई के पास जिस पर आशू को गोली मारी गई
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के कानपुर में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के शिवराजपुर इलाके में चारपाई पर सो रहे एक 28 वर्षीय युवक की कनपटी पर तमंचा सटाकर हत्या कर दी गई। हत्यारों ने खून से लथपथ शव को चादर से ढंग दिया। अगली सुबह मां जगाने पहुंची तो बेटे के रक्तरंजित शव को देखकर सन्न रह गई।
शिवराजपुर के बर्राजपुर वार्ड नंबर छह में अशोक दुबे, उनकी पत्नी और नगर पंचायत शिवराजपुर की पूर्व सभासद रानी, दो पुत्र आशीष (28) उर्फ आशू, नीशू और पुत्री दीक्षा रहते हैं। अशोक के मुताबिक शुक्रवार देर रात घर आए बड़े पुत्र आशू ने चारपाई उठाई और बाहर बरामदे में ट्रैक्टर के पास जाकर लेट गया। रात करीब 11 बजे देखा की आशू मोबाइल पर कुछ देख रहा है। इसके बाद वह छत पर जाकर सो गए। शनिवार सुबह करीब 6:40 बजे तक आशू के न जागने पर पत्नी रानी चारपाई के पास गई। चादर हटाकर देखा तो आशू का खून से लथपथ पड़ा शव मिला। यह देख रानी की चीख निकल पड़ी। चीख सुन वह भी दौड़ कर मौके पर पहुंचे। तब उन्हें घटना की जानकारी हुई। देखते ही देखते मोहल्ले के लोग भी वहां जमा हो गए। सूचना के फौरन बाद करीब 7:50 बजे एसओ शिवराजपुर जसवंत सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी डॉग स्क्वायड, फोरेंसिक टीम और आलाधिकारियों को दी। एसओ के मुताबिक आशू की हत्या 32 बोरे के तमंचे से रात बारह बजे के बाद की गई है। मौके से 32 बोर का कारतूस भी बरामद किया गया है। पीड़ित परिजनों ने क्षेत्र में किसी से पुरानी रंजिश से साफ इंकार किया व अज्ञात लोगों के विरुद्घ मामला दर्ज कराया। घटना की सूचना के बाद भाई नीशू, बहन दीक्षा और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।