किदवई नगर में बुधवार सुबह घर में अकेली सुषमा त्रिवेदी (48) की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी गई। दिल्ली से घर लौटे बेटे शिवम (17) ने कमरे की फर्श पर मां का शव पड़ा देखा तो हत्या का पता चला।
कमरे में चारों तरफ खून बिखरा था। शिवम की चीख-पुकार सुनकर मुहल्ले के लोग पहुंचे। एसएसपी शलभ माथुर, एसपी पश्चिम हरीशचंद्र, सीओ बाबूपुरवा आतिश कुमार सिंह सर्किल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
फोरेंसिक टीम की पड़ताल के बाद शक की सुई सुषमा के जेठ कैलाश और उसके परिवार पर टिक गई है। पुलिस के अनुसार मकान में कब्जे को लेकर सुषमा का कैलाश से विवाद चल रहा था।
शिवम के शक जताने पर पुलिस कैलाश, उसकी पत्नी साधना और बेटी मीनू को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। किदवई नगर ‘ई’ ब्लॉक निवासी सुषमा देवी के पति गोविंद त्रिवेदी दिवंगत हैं। सुषमा देवी घर में अकेली रहती थीं।
बेटी नीतू की शादी हो चुकी है। बेटे शिवम और सत्यम दिल्ली के अलीबाग में एक कैटरिंग एजेंसी में काम करते हैं। मकान से सौ मीटर की दूरी पर सुषमा की पान की गुमटी है जिसकी आमदनी से वह घर खर्च चलाती हैं।
मकान के दूसरे हिस्से में जेठ कैलाश, पत्नी साधना, बेटी मीनू के साथ रहते हैं। कैलाश ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक किराना गोदाम में मुंशी हैं। बुधवार सुबह ग्यारह बजे के करीब शिवम दिल्ली से घर पहुंचा। घर का चैनल खुला था।
रसोई से होते हुए शिवम अंदर के कमरे में पहुंचा तो देखा कि तख्त के पास फर्श पर सुषमा देवी का रक्तरंजित शव पड़ा था। धारदार हथियार से सुषमा देवी की गर्दन रेत दी गई थी। चेहरे, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में भी जख्म के निशान थे।
शिवम का आरोप है कि ताऊ कैलाश मां को मकान से निकाल कर उस पर कब्जा करना चाहते थे। इसके लिये ताऊ मां को परेशान कर रहे थे। मारपीट करने पर मां ने किदवई नगर पुलिस से कई बार ताऊ की शिकायत की थी।
शिवम का आरोप है कि ताऊ, ताई और चचेरी बहन मीनू ने ही मां की हत्या की है। शिवम के शक जताने पर पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया है। दोपहर बाद डॉग स्क्वायड के स्निफर डॉग ‘लेमन’ से घटनास्थ्ल की पड़ताल कराई गई।
लेमन मकान के बाहर की तरफ भागा और सड़क पर जाकर रुक गया। लेमन को मकान के अंदर भी ले जाया गया।
जिम्मेदार बोले
धारदार हथियार से गला रेत कर महिला की हत्या की गई है। लूटपाट जैसी कोई बात सामने न आने से प्रापर्टी का विवाद, रंजिश सहित कुछ अन्य बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है।
बेटे के शक जताने पर परिवार के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
-एसएसपी शलभ माथुर