एक तरफा प्यार में पागल गोपाल गांव की ही एक लड़की के पीछे हाथ-पैर धोकर पड़ा था। होली पर लड़की के घर प्यार का इजहार करने पहुंचा तो उसकी मां ने विरोध शुरू कर दिया। गुस्से से आग बबूला बदमाश गोपाल ने लड़की की मां को गोली मार दी और उसे मरा देख वहां से फरार हो गया। मामला यूपी के फतेहपुर जिले का है।
फतेहपुर बिंदकी के जाफरगंज थाना क्षेत्र के सहिमलपुर गांव निवासी निवासी महिला अपनी तीन बेटी और दो बेटों के साथ रहती थी। उसका पति दूसरे प्रदेश में नौकरी करता है। महिला की बड़ी बेटी ने आरोप लगाया कि सोमवार की शाम वह खेत गई थी। छोटे भाई और बहन भी साथ थे। लौटते वक्त गांव के सुनील के साले गोपाल ने उसे रोक लिया। वह छेड़छाड़ करने लगा। जैसे-तैसे वह घर आ गई। नशे में गोपाल भी घर में आ घुसा। युवती की मां ने गोपाल की इस रवैय्ये का विरोध किया तो उसने तमंचे से गोली मार दी। गोली लड़की की 40 वर्षीय मां के पेट से आरपार हो गई।
गोपाल मौके से भाग निकला। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी आ गए। महिला को बिंदकी से कानपुर रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर जा रहे थे कि रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने मृतका की बेटी की तहरीर पर आरोपी घाटनपुर के तिलसढ़ा निवासी गोपाल बिंदकी के ललौली चौराहा से तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया है। एसओ का कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से पांच बच्चों से मां की ममता छिन गई। अब उनकी देखभाल को लेकर भी दिक्कत हो गई है।