जनपद महोबा के खरेला थानाक्षेत्र में पुलिस की करतूत से उक्ताई युवती ने कुएं में छलांग लगा दी। मामला जमीन के कब्जे को लेकर पारिवारिक कलह से शुरू हुआ। ग्राम जरौला में प्रधान का अपने भाई से जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्ष थाने पहुंच गए लेकिन पुलिस ने ग्राम प्रधान को छोड़कर उसके भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने से क्षुब्ध युवती ने कुएं में छलांग लगा दी।
ग्राम जरौली में रुद्रपाल सिंह राजपूत प्रधान हैं। रुद्रपाल का एक प्लाट गांव में है। जिसमें चार हिस्सेदार हैं। बुधवार शाम रुद्रपाल पूरे प्लाट पर कब्जा करकेे तारबाड़ी करा रहा था। तभी रुद्रपाल का बड़ा भाई जयपाल वहां पहुंचा और प्रधान को प्लाट पर कब्जा करने से रोका। दोनों भाइयों के बीच गाली गलौज व मारपीट हो गई। दोनों पक्ष थाना खरेला पहुंचे और मामला बताया। ग्राम प्रधान ने अपने भाई जयपाल व उसके पुत्र शिवेंद्र, मनीष पर रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने जयपाल के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया।
जबकि ग्राम प्रधान के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस ने जयपाल को थाने में बैठा लिया। गुरुवार की सुबह गांव पहुंचे ग्राम प्रधान ने अपने बड़े भाई को जेल भिजवाने की बात कहते हुए अपनी दबंगई साबित की, तो जयपाल की पुत्री अल्पना (35) पुलिस की इस कार्रवाई से क्षुब्ध होकर जान देने की नियत से कुएं में छलांग लगा दी। उधर, पुलिस ने आनन-फानन में जयपाल का शांतिभंग में चालान कर दिया। एसडीएम के यहां से उसे जमानत पर छोड़ दिया गया। पुलिस द्वारा एक पक्षीय कार्रवाई किए जाने से पीड़ित परिवार में नाराजगी है।