सार्वजनिक शाैचालय पर कब्जा कर पुलिस ने लगा लिया चाैकी का बाेर्ड
चकेरी थाने के बगल में बन रहे सार्वजनिक शौचालय पर पुलिस चौकी का बोर्ड लगा कब्जा करने का मामला तूल पकड़ गया है। बुधवार को शहरी विकास मंत्रालय के संयुक्त सलाहकार एवं स्वच्छ भारत मिशन के कोआर्डिनेटर वीके चौरसिया ने मौके पर जाकर कब्जा देखा और चकेरी एसओ से बातचीत की। उन्होंने मामले की रिपोर्ट मंत्रालय में देने की बात कही।
‘अमर उजाला’ ने बुधवार के अंक में शौचालय में पुलिस के कब्जे का मामला उजागर किया था। इसी बीच शहरी विकास मंत्रालय के संयुक्त सचिव वीके चौरसिया स्वच्छ भारत मिशन के तहत साफ - सफाई, एकल शौचालय, सार्वजनिक शौचालयों आदि का जायजा लेने शहर पहुंचे। सरसैया घाट, बाबा घाट में सफाई व्यवस्था देखने के बाद वह रामादेवी पहुंचे, यहां सार्वजनिक शौचालय में पुलिस चौकी का बोर्ड और कब्जा देख नगर निगम के अफसरों को आड़े हाथों लिया। चकेरी थाने जाकर एसओ से भी पूछा। उन्होंने बताया कि इस मामले में वह शहरी विकास मंत्रालय को रिपोर्ट देंगे। निरीक्षण के बाद उन्होंने नगर निगम में नगर आयुक्त उमेश प्रताप सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पंकज श्रीवास्तव, जोनल स्वच्छता निरीक्षकों के साथ बैठक कर शौचालयों के निर्माण, सफाई व्यवस्था आदि की रिपोर्ट ली।