उन्नाव में दो सर्राफा कारोबारियों पर बाइक सवार बदमाशों ने देशी तमंचों के साथ हमला बोल दिया। लालगंज निवासी नरेंद्र और सुरेंद्र की इलाके से चार किलोमीटर दूर टेढ़ा कस्बे में ज्वैलरी की दुकान है। शुक्रवार शाम को दुकान बंद करने के बाद दोनों बाइक पर सवार होकर लालगंज लौट रहे थे। इसी बीच बाइक पर तीन बदमाशों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया।
नरेंद्र ने बाइक नहीं रोकी तो बदमाशों ने उन पर दो गोलियां चला दी। एक गोली नरेंद्र की बाजू में लगी और वह सड़क पर गिर पड़े। गिरने से दोनों बुरी तरह जख्मी हो गए। जख्मी हालत में ही तीनों बदमाशों ने तमंचे की बट से दोनों को बुरी तरह पीटा। बाद में सुरेंद्र के हाथ से 800 ग्राम सोना, चार किलो चांदी और डेढ़ लाख नकदी भरा बैग छीन कर फरार हो गए।
दोनों ने किसी तरह पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को घायल अवस्था में डिस्ट्रिक अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।