चकेरी में सोमवार देर रात नकाबपोश बदमाशों ने एक निजी बैंक के मैनेजर अभिलाष चौधरी के घर में डाका डाला। बदमाशों ने बैंक मैनेजर और उनकी मां को पीटने के बाद असलहे के बल हाथ पैर बांधकर बाथरूम में बंद कर दिया। इसके बाद अलमारी और लॉकर में रखे एक लाख रुपये की नगदी और ढाई लाख के गहने लेकर भाग निकले।
बदमाशों के जाने के करीब आधे घंटे बाद किसी तरह मां बेटे बाथरूम से बाहर निकले और पुलिस को सूचना दी। एसएसपी शलभ माथुर, एसपी पूर्वी डी प्रदीप कुमार, सीओ कैंट पवित्र मोहन व चकेरी इंस्पेक्टर कमल यादव फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की पड़ताल की।
पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर संदेह के आधार पर कई लोगों को हिरासत में लिया है। बताया जाता है कि अभिलाष फर्रुखाबाद में तैनात एक वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी के रिश्तेदार हैं। अभिलाष चौधरी शिव कटरा रोड पर दुर्गा हाउसिंग सोसाइटी में मां कमला के साथ रहते हैं।
इनके मकान के ऊपरी हिस्से में अरविंद सिंह और चटर्जी परिवार किराए पर रहता है। अभिलाष ने बताया सोमवार रात खाना खाने के बाद वह सोने चले गए। रात करीब ढाई बजे छह बदमाश बाउंड्री फांदकर भीतर आए और खिड़की की ग्रिल उखाड़ी, फिर शीशा तोड़कर घर के भीतर घुस आए।
अभिलाष के मुताबिक बदमाशों की आहट पाकर उनकी और मां की नींद खुल गई। नकाबपोशों ने चाकू, तमंचे के बल पर उन्हें पीटा और चादर फाड़कर उनके और मां के हाथ-पैर व मुंह बांध दिया। बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देकर अलमारी और लॉकर की चाभी ले ली। इसके बाद दोनों को बाथरूम में बंद कर दिया।
अभिलाष के मुताबिक, करीब पौन घंटे तक बदमाशों ने घर में लूटपाट की। बदमाशों के जाने के आधा घंटे बाद वे लोग किसी तरह बाथरूम से बाहर आए और किराएदार अरविंद के मोबाइल से 100 नंबर पर सूचना दी।
गौरतलब यह है कि अभिलाष के घर में बदमाश डकैती डालते रहे और मकान के ऊपरी हिस्से में रहने वालों को भनक तक नहीं लगी। इंस्पेक्टर का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।