यूपी के कानपुर में करोड़ों रुपये के कालेधन को सफेद करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हो गया है। मामले में कई बड़े उद्योगपतियों के नाम सामने आ रहे हैं।
पुख्ता सबूत और सूचना के आधार पर इनकम टैक्स विभाग और पुलिस की टीमें बुधवार रात बड़े उद्योगपतियों के ठिकानों पर पहुचीं। बासमती घी बनाने वाले मनटोरा ग्रुप के पांच ठिकानों पर छापेमारी हुई। सिटी सेंटर मॉल रोड स्थित ऑफिस में छापेमारी के दौरान एक करोड़ रुपये के अवैध लेनदेन का खुलासा हुआ है। इस मामले में मनटोरा ग्रुप के 7 लोगों से पूछताछ की जा रही है। 20 लाख रुपये कैश इनकम टैक्स डिपार्टमेन्ट ने जब्त कर लिए हैं। बताया जा रहा है कि काफी दिनों से कमीशन में कालेधन को सफेद करने का धंधा चल रहा था। 18 पर्सेंट पर पुराने 1000 और 500 के नोट नई करेंसी में बदल दिए जाते थे। मंटोर ग्रुप के कोलकाता स्थित ठिकानों पर रेड की तैयारी भी की जा रही है।