यूपी में कन्नौज जिले में आउट सोर्सिंग पर विद्युत उपकेंद्र में तैनात बिजली कर्मचारी ने घर में घुसकर मानसिक रोगी किशोरी से दुष्कर्म किया। खेत से लौटी मां ने किशोरी की हालत देखकर पूछताछ की तो उसने घटना बयां कर दी।
इस पर पीड़ित परिवार जिला अस्पताल चौकी पहुंचा। यहां पुलिस कर्मचारी से समझौते का दबाव बनाकर पांच दिन से टरका रहे हैं। वहीं आरोपी फरार है। मामला तूल पकड़ने के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी के बहनोई को हिरासत में लेकर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पूछताछ शुरू की है।
जिला अस्पताल के पास स्थित एक गांव में रहने वाली महिला किसान 13 वर्षीय मानसिक रोगी बेटी के साथ घर पर रहती है। बेटा दिल्ली में रहकर नौकरी करता है। रविवार को मां बकरी चराने खेतों की ओर गई थी।
घर में किशोरी अकेली थी। आउट सोर्सिंग पर विद्युत उपकेंद्र में तैनात करीब 30 वर्षीय कर्मचारी गांव में बिजली ठीक करने गया था। वह किशोरी को अकेला देखकर घर में घुस गया। उसने उससे दुष्कर्म किया।
बकरी चराकर घर पहुंची मां ने किशोरी की हालत देख पूछताछ की। कुछ पड़ोसियों ने आरोपी के घर से निकलने की जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता को लेकर मां जिला अस्पताल चौकी पहुंचीं। यहां पुलिसकर्मियों ने सुनवाई नहीं की।
समझौते का दबाव बनाकर घर भेज दिया। मामले की जानकारी के बाद गुरुवार को दिल्ली से लौटा भाई पीड़िता और मां के साथ कोतवाली पहुंचा। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने कानपुर नगर के ककवन इलाके के त्योरा खेड़ा में रहने वाले आरोपी के बहनोई को हिरासत में लेकर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पूछताछ शुरू की है। एएसपी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।