पुलिस ने मवेशी लोडेड ट्रक को पकड़ लिया
‘डायल 100’ कानपुर पुलिस ने चकेरी में मंगलवार सुबह 12 भैंस और 2 भैंसों से भरी डीसीएम पकड़ी। पुलिस ने ड्राइवर समेत तीन लोगों पर पशु क्रूरता निर्वाण अधिनियम का मुकदमा दर्ज किया। साथ ही मवेशी और डीसीएम को कब्जे में ले लिया। ड्राइवर ओमप्रकाश ने चौकी इंचार्ज के सामने हमेशा चकेरी के चेकिंग प्वाइंट से मवेशी लदी गाड़ियां निकालने में पांच सौ देकर निकलने की बात कही। बोला कि पहली बार पक़ड़ा गया हूं। इस पर पुलिस का पारा चढ़ गया। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी चकेरी में मवेशी लदा ट्रक पलटने का मामला सामने आया था। इसमें कई की मौत हो गई थी।
इलाहाबाद रोड से रामादेवी की ओर आ रहे डीसीएम को जाजमऊ रामादेवी फ्लाईओवर के नीचे खड़ा कराया गया। कई घंटे बाद उन्हें नीचे उतारा गया। सफीपुर निवासी ड्राइवर ओमप्रकाश, क्लीनर राजन ने बताया कि डीसीएम जूही नहारियां निवासी शकील की है। एजेंट रिजवान ने उन्नाव के स्लाटर हाउस में पहुंचाने के लिए लोड कराया था। उनके पास संबंधित कोई कागज नहीं है। इस दौरान व्यवसाय से जुड़े लोग मामले को निपटाने की जुगत में जुट गए। रामादेवी चौकी प्रभारी विजय कुमार पांडेय ने बताया कि मामले में तीन लोगों पर पशु क्रूरता निर्वाण अधिनियम का मुकदमा दर्ज हुआ है। ट्रक मालिक और सप्लायर से मिले कागजों की जांच कर रहे हैं।