यूपी के हरदोई जिले में शुक्रवार रात एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम के साथ मारपीट हुई। संबंधित थाना क्षेत्र में पुलिस के साथ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार माधौगंज थाना क्षेत्र के बरगदियापुरवा में शुक्रवार देर रात मारपीट की सूचना पर यूपी 100 की टीम मौके पर पहुंची। बरगदियापुरवा निवासी मनोज कुमार ने यूपी 100 पर सूचना दी थी कि उसका भाई नीरज कुमार मारपीट कर रहा है और मनोज को घर से निकाल दिया है।
सूचना पर यूपी 100 की टीम में शामिल हेड कांस्टेबल राजबहादुर कुशवाहा, चालक इमरान और महिला सिपाही प्रियंका शरद मौके पर पहुंची। पूछताछ के दौरान ही नीरज कुमार पुत्र लोचन ने लाठी-डंडों से पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। राजबहादुर की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।