घाटमपुर कसबे के बैंक आफ बड़ौदा में एक युवक की सूझबूझ से शातिर टप्पेबाज को पुलिस चढ़ गया। खुद को घिरता देखकर उसका साथी मौके से भाग निकला। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश में जुट गई है।
चंदनपुर (घाटमपुर) निवासी सुजीत पुत्र रमेश ने बताया कि मंगलवार की दोपहर वह कानपुर रोड पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से तीन सौ रुपये निकालने गया था। एटीएम से रुपये नहीं निकले।
उसके पीछे खड़े एक युवक ने उसके एटीएम का पिनकोड याद कर लिया। सुजीत ने बताया कि पीछे खड़े युवक ने उससे यह कहते हुए एटीएम ले लिया कि तुमने सही ढंग से एटीएम में कार्ड नहीं लगाया है लाओ मैं लगाए देता हूं।
बताया कि युवक ने मशीन में कार्ड लगाने के बाद डिटेल पर्ची निकाली। कार्ड उसको वापस कर दिया कहा कि मशीन काम नहीं कर रही है। वह बैंक से बाहर आकर वहां खड़ी कार में सवार होकर चला गया।
सुजीत भी बाइक से उसके पीछे चल दिया। वह कसबे के मूसानगर रोड पर स्थित बैंक आफ बड़ौदा के एटीएम में पहुंच गए। वहां युवक ने एटीएम में सुजीत का कार्ड लगाकर उसके खाते से 15500 रुपये निकाल लिए।
मैसेज जैसे ही सुजीत के मोबाइल पर आया। उसने लपककर टप्पेबाज युवक को बैंक में दबोच लिया। अपने को घिरता देख युवक ने लाइसेंसी रिवाल्वर दिखाकर सुजीत को धमकाने की कोशिश की।
सुजीत ने साहस का परिचय देते हुए शोर मचा दिया। मामला बिगड़ते देख युवक का दूसरा साथी वहां से भाग निकला। जबकि, सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने टप्पेबाज युवक को दबोच लिया।
युवक ने अपना नाम उपेंद्र सिंह भदौरिया निवासी ग्राम कोढ़वा, थाना गजनेर (कानपुर देहात) बताया है।