फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फिर बेकाबू कार ने एक की जान ली

Tue, 12 May 2015 02:28 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
कोहना क्षेत्र के पार्वती बागला रोड पर सोमवार दोपहर तेज गति से जा रही एक कार को ओवरटेक करने के चक्कर में बेकाबू हुई होंडा सिटी कार से कुचलकर एक ठेले वाले की मौके पर मौत हो गई। कार की चपेट में आने से एक ट्रैफिक कांस्टेबल भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसे के बाद चालक मौके पर कार छोड़कर भाग निकला।
विज्ञापन


कांस्टेबल को एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर है। यह वही कोहना थाना क्षेत्र है, जहां शनिवार रात एक बेकाबू कार ने सड़क किनारे सो रहे दो मजदूरों को कुचल दिया था। इसमें एक की मौके पर मौत हो गई थी, दूसरा जीवन-मौत के बीच झूल रहा है।

फिलहाल कोहना पुलिस ने कार में लिखे नंबर के आधार पर एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, हादसे में मौत का शिकार हुए ठेले वाले की पहचान ज्योरा नवाबगंज निवासी नारायण के बेटे गोपी कृष्ण गौड़ (55) के रूप में हुई है। घायल ट्रैफिक कांस्टेबल रामनरेश के बारे में बताया गया है कि वह ड्यूटी के लिए कल्याणपुर बगिया क्रासिंग जा रहा था।
विज्ञापन


कार के रजिस्ट्रेशन नंबर से पता चला है कि कार विष्णुपुरी निवासी मुन्ना लाल शुक्ला की है। पुलिस के अनुसार, कार में एडवोकेट का लोगो लगा है। साथ ही इसमें अधिवक्ता पीयूष अवस्थी के नाम वाली कुछ फाइलें भी मिली हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गोपी करीब 15 फिट ऊपर उछला और फिर कार के बोनट पर जा गिरा। ड्राइवर के ब्रेक लगाने पर वह उछल कर एक कारोबारी के बंगले की दीवार से जा टकराया। इसके बाद भी कार की स्पीड नहीं थमी। कार ने एक बाइक सवार ट्रैफिक कांस्टेबल को चपेट में ले लिया।

बाइक काफी दूर तक सड़क पर घिसटी, फिर उसमें आग लग गई। कांस्टेबल के हाथ-पैर टूट गए। सीने पर भी चोट आई है।  घटना के बारे में लोगों ने जानकारी दी कि दोपहर करीब सवा दो बजे कंपनी बाग चौराहे से रेव थ्री की तरफ एक होंडा सिटी कार जा रही थी। उसके आगे ऑडी कार चल रही थी।

प्रत्यक्षदर्शी लवनीश कटियार ने बताया कि जैसे होंडा सिटी और ऑडी कार में रेस हो रही थी। दोनों गाड़ियों से स्पीड 100 से ऊपर रही होगी। पार्वती बागला रोड स्थित कारोबारी महेंद्र अग्रवाल के बंगले के पास होंडा सिटी कार ने ऑडी कार को ओवरटेक करने की कोशिश की।

इसी दौरान होंडा सिटी के कार चालक ने नियंत्रण खो दिया और रेव थ्री की तरफ से आ रहे केले के ठेले में टक्कर मार दी। लवनीश के मुताबिक, इसके बाद कार ने आगे इरशाद मिर्जा के बंगले के सामने कांस्टेबल रामनरेश की बाइक में टक्कर मार दी। कांस्टेबल उछल कर सड़क पर दूर जा गिरा।

इसी बीच कार सवार लोग उतरे और कार छोड़कर भाग निकले। सूचना पाकर सीओ कोतवाली जितेंद्र श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। थोड़ी देर बाद कोहना समेत कई थानों की फोर्स व सीओ कर्नलगंज भी पहुंचे। पुलिस ने घायलों को हैलट भेजा।

वहां डॉक्टरों ने गोपी को मृत घोषित कर दिया जबकि कांस्टेबल को परिवार के लोग बेहतर इलाज के लिए एक नर्सिंग होम ले गए। कांस्टेबल के दोनों पैर व बायां हाथ टूट गया है। कांस्टेबल असटू रामनगर औरैया का रहने वाला है। यहां टीपी लाइन कालोनी में रहता है।

एक्सीडेंट करने वाली कार को कब्जे में ले लिया गया। रजिस्ट्रेशन नंबर से मिली जानकारी के आधार पर कार मालिक मुन्ना लाल के घर दबिश दी गई, लेकिन वे नहीं मिले हैं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें