इटावा जिले में बकेवर के गांव के ही दो युवकों ने शनिवार देर शाम किसान परिवार की एक बच्ची को खेत में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। तेरह साल की इस बच्ची ने घर आकर परिजनों को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बच्ची के भाई की तहरीर पर सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया।
एक आरोपी को गिरफ्तार हो गया और दूसरा फरार है। बच्ची का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी अनुसूचितजाति वर्ग के किसान परिवार की 13 साल की बच्ची शनिवार शाम करीब सात बजे घर के बाहर आग से ताप रही थी।
तभी गांव के ही अनुसूचितजाति वर्ग के दो युवक आए और उसे अपने साथ लिवा ले गए। एक खेत पर ले जाकर युवकों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। घरवालों को बच्ची जब घर के बाहर नहीं दिखी तो उसकी खोजबीन शुरू की। खेतों की ओर भी गए, लेकिन बच्ची कहीं नजर नहीं आई।
रात करीब साढ़े आठ बजे बच्ची ने घर आकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। जिस पर परिजनों ने गांव के ही एक युवक राधाकांत उर्फ कल्लू को एक खेत पर पकड़ लिया। लेकिन कल्लू के घर वाले उसे छुड़ा ले गए।
शनिवार रात को ही परिजनों ने थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रात करीब साढ़े दस बजे बकेवर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार शुक्ला फोर्स लेकर गांव पहुंचे। बच्ची और परिवार के लोगों से घटना की जानकारी की।
थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बच्ची के भाई की तहरीर पर गांव के ही दो युवकों सचिन व राधाकांत उर्फ कल्लू के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज किया गया है। एक आरोपी राधाकांत उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरा आरोपी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के भी प्रयास जारी है। शनिवार रात को ही बच्ची को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।