अकबरपुर क्षेत्र के यूपीएसआईडीसी, जैनपुर के रजबहे में मंगलवार की दोपहर में एक मजदूर की गर्दन कटी लाश मिली है। रजबहे में युवक की लाश मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने लाश को रजबहे से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बिधनू निवासी मजदूर युवक जैनपुर की एक फैक्ट्री में काम करता था।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी अनूप दुबे ने बताया कि तहरीर अभी परिजनों की ओर से नहीं मिली। तहरीर के बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा। बताया कि फिलहाल मामले की जांच चल रही है। कल तक खुलासा होने की संभावना है। आरोपियों को जल्द दबोचा जाएगा।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के जैनपुर यूपीएसआईडीसी आवासीय क्षेत्र में बिधनू, कानपुर नगर निवासी जितेंद्र सिंह (25) पुत्र विश्राम सिंह परिवार के साथ रहता था। गत सोमवार की देर रात नौ बजे घर से अचानक कहीं चला गया।
काफी देरबाद भी जब जितेंद्र नहीं आया तो पत्नी ने मोबाइल फोन मिलाया। जितेंद्र से फोन पर बात नहीं हो सकी। इधर, मंगलवार की दोपहर जैनपुर कसबे के रजबहे में कुछ लोगों ने देखा कि एक युवक की लाश पड़ी है।
युवक के गर्दन पर धारदार हथियारों से हमला कर हत्या की गई थी। लापता पति की तलाश करते पत्नी भी मौके पर पहुंच गई उसने लाश की शिनाख्त की। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस को घटनास्थल पर दारू की बोतल और कई गिलास मिले हैं। जिस स्थान पर युवक की लाश मिली है वहां कई लोगों के जूतों के निशान भी पाए गए हैं।
बताया गया है कि छोटा भाई अनिल सिंह जैनपुर स्थित एक पेंट्स फैक्ट्री में मजदूरी करता है। जबकि, बड़ा भाई जितेंद्र एक सरिया बनाने की फैक्ट्री में में काम करता था। छोटा भाई अनिल अविवाहित है और वह जितेंद्र के साथ ही रहता है।
मौजूद पत्नी सुधा सिंह का रो-रोकर बुरा हाल था। उसने कहा, दो बेटे हैं एक पांच साल का है और चार साल का है।