फैक्ट्री में बन रहे थे तरह-तरह के हथियार, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई की पचदेवरा पुलिस ने थाना क्षेत्र के ललुआमऊ में अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। एसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में पुलिस ने गांव के बाहर जंगल में छापामार कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। मौके से उपकरण व अधबने असलहा बरामद किए। सोमवार को पुलिस लाइन में एएसपी पश्चिमी ने बरामद असलहा फैक्ट्री के बारे में पत्रकारों को जानकारी दी।
पचदेवरा थाना क्षेत्र के ललुआमऊ गांव के जंगल में बरामद की गई असलहा फैक्ट्री का सोमवार को पुलिस लाइन में एएसपी पश्चिमी लक्ष्मी निवास मिश्र ने खुलासा किया। बताया कि एसपी के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस को सूचना मिली थी कि ललुआमऊ गांव के बाहर जंगल में अवैध तरीके से असलहा बनाए जा रहे हैं। थाना प्रभारी राजेश सिंह व क्राइम ब्रांच की टीम ने घेराबंदी कर छापा मार कर गांव निवासी जगदीश पुत्र बाबू राम को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से असलहा बनाने के उपकरण, लोहा काटने की आरी, छह देशी बंदूक व तमंचे, अधबनी बंदूक के नाल बदामद किए गए। एएसपी ने बताया आरोपी के विरुद्ध पचदेवरा व पाली थाने में मामले दर्ज हैं। एसपी ने असलहा फैक्ट्री का भंडा फोड करने वाली पुलिस टीम को पांच हजार रुपये पुरस्कार दिया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।