पांच लड़के 12वीं की छात्रा का किडनैप कर दिल्ली ले गए। सात दिनों तक सभी ने उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया। मामला यूपी के हमीरपुर जिले का है। भरुआ सुमेरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की इंटर की छात्रा को उसके दोस्त ने 22 जनवरी को कस्बे के एक रेस्टोरेंट में में बुलाया। वहां से वे कानपुर ले गया। जहां उसने छात्रा को अपने साथियों के हवाले कर दिया। इसके बाद छात्रा को दिल्ली ले जाकर एक कमरे में बंधक बनाकर एक सप्ताह तक सामूहिक दुष्कर्म किया।
22 जनवरी से छात्रा के लापता होने पर परिजन उसे ढूंढते रहे। कहीं पता नहीं चलने पर 23 जनवरी को उसके दोस्त के खिलाफ अपहृत कर ले जाने की तहरीर दी। पुलिस ने गुमशुदगी की घटना दर्जकर भाई को टरका दिया। इस मामले में भाई का आरोप है कि अगर पुलिस सक्रियता दिखाती तो बहन के साथ ऐसी घटना नहीं घटित होती। कहा कि पुलिस की उदासीनता पर उसने खुद सुरागरसी करनी शुरू कर दी और दिल्ली पहुंच बहन को बंधक मुक्त कराया। बताया कि आरोपी मौके से भाग निकले।
बीती शाम छात्रा को लेकर भाई थाने पहुंचा और छात्रा के दोस्त सहित तीन को नामजद करते हुए पांच के खिलाफ तहरीर दी। थानाध्यक्ष आरके सिंह ने पीड़ित छात्रा के बयान महिला कांस्टेबिल से कराने के बाद पिता व भाई को सुपुर्द करते हुए मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन दिया है। थानाध्यक्ष ने कहा कि जांच करने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उधर मुकदमा दर्ज न होने पर पीड़ित परिवार ने अपर पुलिस अधीक्षक से भेंटकर मुकदमा दर्ज किए जाने की गुहार लगाई है। एएसपी ने पीड़िता को मुकदमा दर्ज किए जाने का आश्वासन दिया है।