किसान के एक्सिस बैंक खाते से पांच दिनों के अंदर 18 लाख उड़ा दिए गए। साइबर ठगों ने अलग-अलग शहरों में ऑनलाइन ज्वैलरी खरीदी। बैंक मैनेजर पर शक जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया है। मामला यूपी के कानपुर शहर का है।
कानपुर साउथ बिधनू में साइबर ठगी के शिकार हुए किसान रामऔतार राजपूत ने बैंक मैनेजर के खिलाफ मिलीभगत का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज जांच शुरू कर दी है।
औंधा गांव निवासी किसान रामऔतार का क्षेत्र की एक्सिस बैंक में खाता है। पांच महीने पहले किसान ने जमीन बेचकर 18 लाख रुपये खाते में जमा कराए थे। 27 से 31 जनवरी के बीच गाजियाबाद और वाराणसी में उनके खाते से ऑनलाइन ज्वैलरी की खरीदारी की गई, जिसका पता 3 फरवरी को उन्हें लगा। 28 जनवरी को उनका सिम बंद हो जाने से रुपये निकलने की जानकारी नहीं हो सकी। उनका आरोप है कि ठगी में बैंक मैनेजर सुनील गुप्ता का भी हाथ है। एसओ आशीष मिश्रा का कहना है कि किसान की तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।