युवक शादी न होने से खफा था और कई बार लोग उसका मजाक भी उड़ाते थे
उरई(जालौन) में दोस्तों के मजाक और शादी न होने से परेशान लड़के ने जहर खाकर जान दे दी। परिजनाें ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
आटा थाना क्षेत्र के गांव संदी निवासी कन्हैया लाल (30) पुत्र केशव लाल के दो छोटे भाइयों की पिता ने शादी कर दी। शादी न होने से कन्हैया परेशान रहने लगा। ग्रामीणों के मुताबिक बुधवार की सुबह करीब आठ बजे इसी बात को लेकर उसका अपने पिता से झगड़ा हुआ और उसने कहीं से जहर लेकर खा लिया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई। उसे उल्टी होने लगी तब परिजनाें को जानकारी हुई तो वह उसे लेकर जिला अस्पताल आए। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजन पुलिस को सूचना दिए बगैर शव को गांव ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया। गांववालों ने बताया कि कन्हैया लाल के मोहल्ले के दोस्त उसका मजाक उड़ाते थे मंगलवार की रात दोस्तों के मजाक से नाराज होकर कन्हैयालाल झगड़ा करने लगा था।