हरदोई जिले में हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हड़हा में मामूली विवाद में किसान को घेर कर पिटाई कर दी गई। गंभीर रूप से घायल किसान को पहले सीएचसी और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल में किसान की मौत हो गई।
मृतक के भाई की तहरीर पर प्रधानपति समेत छह लोगों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या, मारपीट और बलवे की रिपोर्ट दर्ज की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सोमवार शाम मिरगावां निवासी राम प्रकाश अपनी ट्रैक्टर ट्रॉली में गन्ना लादकर सवायजपुर की तरफ जा रहा था।
हड़हा निवासी शिव सिंह गांव में मुख्य मार्ग पर राजेंद्र के घर के सामने की ओर खड़ा था। इसी दौरान ट्रैक्टर ले जा रहा राम प्रकाश वहां रुक गया। आरोप है कि शराब के नशे में राम प्रकाश ने शिव सिंह से गालीगलौज शुरू कर दिया। इसी बीच गांव के अन्य लोग आ गए तो मामला शांत हो गया।
इसके बाद राम प्रकाश अपने गांव से दो ट्रैक्टर ट्रॉलियों, एक वैन में मिरगावां के प्रधानपति छंगे लाल, मान सिंह, होरी लाल, विनय प्रताप, राम प्रकाश आदि के साथ गांव आ गया। यहां शिव सिंह के घर पर आरोपियों ने चढ़ाई कर दी। घर में घुसकर शिव सिंह के भाई कंबू (31) को लाठी-डंडों और रॉड से पीटने लगे।
अन्य परिजनों के आ जाने पर आरोपी फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल कंबू को लेकर परिजन हरपालपुर कोतवाली गए और फिर वहां से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गए। हरपालपुर से चिकित्सक ने कंबू की हालत गंभीर बताते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान कंबू की मौत हो गई। घटना की जानकारी से परिजनों में कोहराम मच गया। कोतवाल शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के भाई शिव सिंह की तहरीर पर मिरगावां के प्रधानपति छंगे लाल समेत छह लोगों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या, घर में घुसकर मारपीट करने और बलवा की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।