एक ही दिन में दो प्रेमी जोड़ों के मरने की खबर से पूरे उत्तर प्रदेश में सनसनी फैल गई। सोमवार को बुंदेलखंड के अलग-अलग जिलों में दो प्रेमी जोड़ों पर ‘ऑनर किलिंग का कहर’ टूटा। महोबा में लड़की के पिता ने ही अपनी बेटी और उसके प्रेमी को मार डाला तो जालौन में प्रेमिका के साथ औरैया से भागकर मामा के घर आए युवक का शव बबूल के पेड़ से लटका मिला। जालौन के इस मामले में ऑनर किलिंग की बात सामने आ रही है। लड़की की लाश अभी तक नहीं मिली है। ब्लड सैंपल पुलिस ने कलेक्ट कर लिए हैं।
जालौन का मामला
औरैया के परैथा में सूरज वाल्मीकि का परिवार पीएचसी में रहता है। दो दिन पहले औरैया जिले के थाना सहायल के गांव मुगरिया निवासी उसका भांजा मंगल सिंह (24) पुत्र रामविलास अपने ही गांव की एक लड़की को भगा लाया था। इस मामले में लड़की के परिजनाें ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस को पता चला है कि युवती के परिजन रविवार की रात परैथा आए और पिटाई कर युवती व मंगल को ले गए थे। सोमवार सुबह मंगल की लाश पीएचसी कैंपस में पेड़ पर लटकती मिली। गले में उसी के गमछे का फंदा पड़ा था। सीओ नवीन कुमार नायक, कोतवाल देवेंद्र कुमार द्विवेदी ने निरीक्षण के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मंगल के शरीर पर चोटाें के निशान मिले हैं। रात से ही मंगल के मामा सूरज का परिवार लापता है। आशंका जताई जा रही है कि कहीं लड़की के परिजनों ने उन्हें भी तो अगवा नहीं कर लिया। पुलिस ने सूरज के घर छानबीन की तो वहां खून के धब्बे मिले। घर के पास से दो बाइकें मिलीं। एक बाइक पर औरैया का नंबर है। दूसरी बाइक बिना नंबर की है। पुलिस दोनाें के मालिकों की डिटेल निकाल रही है। पुलिस को सूरज के घर से युवती की फोटो, उसके कपड़े और सोने के टाप्स भी मिले हैं। ग्रामीणाें के अनुसार जिस वक्त परिजन लड़की को लेकर गांव से जा रहे थे, उस समय कह रहे थे कि इसको भी ठिकाने लगाना है। इससे युवती की भी हत्या की आशंका जताई जा रही है।
महोबा का मामला
दूसरी घटना महोबा की है। यहां के थाना महोबकंठ थाना क्षेत्र के ग्राम बम्हौरी कुर्मिन निवासी गीता (19) पुत्री मूलचंद्र अहिरवार का थाना अजनर के ग्राम बछेछरकलां निवासी सुनील कुमार अहिरवार (21) पुत्र रमेशचंद्र अहिरवार से दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। गीता की मां की पहले ही मौत हो जाने से वह कमरे में अकेली रहती थी। उसके तीन भाई काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं। प्रेमी रात में उसके घर चोरी छिपे मिलने आता था। रविवार रात पिता मूलचंद्र अहिरवार छत पर सो रहा था। तभी रात को सुनील गीता के घर पहुंचा। गीता पीछे के दरवाजे से उसे अपने कमरे में ले गई। सुबह करीब 6:30 बजे पिता नीचे आया तो बेटी के कमरे में गया जहां उसने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में सोता पाया। गुस्से में वह दूसरे कमरे में रखी कुल्हाड़ी लेकर आया और युवक की गर्दन पर ताबड़ तोड़ वार किए। बाद में उसका सिर पत्थरों से कुचल डाला। इसके बाद बेटी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इससे उसकी भी मौत हो गई। सुबह प्रेमी व प्रेमिका की मौत की खबर मिलते ही वहां ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक राजेश सक्सेना, थानाध्यक्ष महोबकंठ ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों से भी पूछताछ की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दोहरे हत्याकांड के आरोपी मूलचंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।