फर्रुखाबाद मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव बनकटी के एक बाग में राष्ट्रीय पक्षी मोर के सात शव मिले। गांव वालों की सूचना के बाद न तो पुलिस मौके पर पहुंची और न ही वन विभाग के अधिकारियों ने सुध ली।बनकटी गांव के हरविलास के बाग में बुधवार सुबह सात मोर मरे पड़े हुए थे। मामले की सूचना पखना चौकी इंचार्ज बाबूराम दोहरे को दी गई। सूचना देने के बाद भी चौकी इंचार्ज मौके पर नहीं पहुंचे। मरे हुए मोरों का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया गया है। सुबह से शाम तक गांव में मोर के शव पड़े रहे। पुलिस की इस घोर लापरवाही के संबंध में जब चौकी इंचार्ज बाबूराम दोहरे से जानकारी की गई तो उन्होंने कहा कि उन्होंने गांववालों से कहकर मोर के शव एकत्र करवा दिए थे। इसकी सूचना वन विभाग को दे दी थी। इसके बाद भी वन विभाग का कोई भी अधिकारी और कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। लोग कयास लगा रहे हैं कि बीज में मिलाई जाने वाली जहरीली दवा गेहूं में मिलाकर बुवाई की। उस गेहूं को मोर खा गए, जिससे उनकी मौत हो गई। फिलहाल राष्ट्रीय पक्षी की मौत पर पुलिस की घोर लापरवाही सामने आ रही है। वन क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद ओमकार सिंह से जब बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि यह मामला गंभीर है। वन दरोगा से पूछताछ की जा रही है। अभी तक उन्हें किसी प्रकार की सूचना नहीं दी गई थी।